धमतरी। शेयर मार्केट में हर महीने 4 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले वेल्थ ट्रैकर कार्यालय के संचालक को सिटी कोतवाली पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने स्टाम्प पेपर पर इकरारनामा और सिक्योरिटी चेक देकर निवेशकों का भरोसा जीता और फिर 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की राशि लेकर फरार हो गया था। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा।
प्रार्थी शिवकुमार साहू निवासी गुरूर जिला बालोद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी विक्रम सिंह शाह कलेक्ट्रेट रोड धमतरी स्थित वेल्थ ट्रैकर कार्यालय के माध्यम से लोगों को शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर 4 प्रतिशत मासिक लाभ का लालच देता था। उसने शिवकुमार और उनके परिजनों से 25 लाख रुपये निवेश कराए। शुरू में मुनाफे का झांसा देकर बाद में मूलधन हड़प लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने संगीता सिन्हा से 81 लाख, अंबिका प्रसाद सोनवानी से 60 लाख, भूषण सिन्हा से 28 लाख सहित कई लोगों से कुल 3.12 करोड़ रुपये की ठगी की है। पुलिस ने आरोपी विक्रम सिंह शाह पिता हरभजन सिंह उम्र 37 वर्ष निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी धमतरी को 29 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 2 मोबाइल, 1 टैबलेट और निवेश संबंधी दस्तावेज जब्त किए गए हैं। आरोपी से रकम के उपयोग को लेकर पूछताछ जारी है।










