कांकेर। शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से सामने आया है, जहां कृषि महाविद्यालय के एक प्रोफेसर को छात्रा से अश्लील हरकत और प्रैक्टिकल में नंबर कम करने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी प्रोफेसर की पहचान पीयूषकांत नेताम के रूप में हुई है। सिटी कोतवाली पुलिस ने 28 अक्टूबर को उसे कॉलेज परिसर से ही धर दबोचा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 25 सितंबर की बताई जा रही है। पीड़ित छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि प्रोफेसर ने उसे टेलीग्राम के माध्यम से अश्लील वीडियो भेजा था। छात्रा ने पहले तो इस घटना को नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि इसके बाद प्रोफेसर ने प्रैक्टिकल के नंबरों को लेकर उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और अनुचित मांगों के लिए धमकाने लगा। लगातार मानसिक प्रताड़ना और भविष्य खराब होने के डर से आखिरकार छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।
छात्रा की शिकायत पर सिटी कोतवाली कांकेर में 27 अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एएसआई भुनेश्वरी भगत की टीम ने तत्काल जांच शुरू की। साक्ष्यों के प्रारंभिक सत्यापन के बाद पुलिस ने 28 अक्टूबर को कृषि महाविद्यालय पहुंचकर आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75 जो महिला की लज्जा भंग करने से संबंधित है और धारा 351 जो आपराधिक धमकी से संबंधित है के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67ए के तहत भी केस दर्ज किया गया है जो यौन कृत्य वाली सामग्री को इलेक्ट्रॉनिक रूप से भेजने से संबंधित है।
पुलिस फिलहाल प्रोफेसर के मोबाइल फोन और टेलीग्राम अकाउंट की जांच कर रही है और डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं कॉलेज प्रबंधन ने भी मामले को संज्ञान में लिया है और आंतरिक जांच की बात कही जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर शिक्षक और छात्र के बीच विश्वास के रिश्ते पर सवाल खड़े कर दिए हैं।










