महासमुंद। जिले के तेंदूकोना थाना क्षेत्र के ग्राम कौंसरा में चोरी का मामला सामने आया है, जहां पोल्ट्री फार्म में खड़े दो ट्रैक्टरों से अज्ञात चोर ने बैटरी पार कर दी। पीड़ित किसान की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी मोतीराम साहू निवासी कौंसरा ने पुलिस को बताया कि उसने खेती-किसानी के लिए महिंद्रा ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 06 ई 3516 खरीदा है, वहीं उसके भतीजे नारायण साहू ने सोनालिका ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 06 एचए 9307 खरीदा है। दोनों ट्रैक्टरों को खेती के काम के बाद भतीजे के पोल्ट्री फार्म में खड़ा किया जाता था।
मोतीराम के अनुसार 22 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे जब वह पोल्ट्री फार्म पहुंचा तो देखा कि दोनों ट्रैक्टरों में लगी बैटरियां गायब थीं। किसी अज्ञात व्यक्ति ने दोनों बैटरियां चोरी कर ली थीं, जिनकी कुल कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई जा रही है।
मामले की रिपोर्ट पर तेंदूकोना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पोल्ट्री फार्म में खड़े दो ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी, 16 हजार का नुकसान, अज्ञात के खिलाफ केस










