महासमुंद। मां की आंखों के सामने ही उसके एक बेटे ने दूसरे बेटे और पोते पर चाकू से हमला कर दिया। वजह बनी मां को मिलने वाली पेंशन। परिवार में कुछ रुपयों को लेकर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना महासमुंद शहर के वार्ड नंबर 21 सुभाष नगर की है, जहां 29 अक्टूबर की रात बड़े भाई ने छोटे भाई और भतीजे पर चाकू से वार कर दिया। घायलों को चोटें आई हैं और सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक परिवार में मां सरस्वती सेन को पेंशन मिलती है। छोटे भाई पूर्णेन्द्र सेन का आरोप है कि उसका बड़ा भाई सितेश सेन इस बात से नाराज था कि मां की पेंशन का पूरा पैसा छोटे भाई को दिया जा रहा है जबकि उसे एक रुपया भी नहीं मिल रहा। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों भाइयों में विवाद हो चुका है।
29 अक्टूबर को भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसे परिवार के लोगों ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया था। लेकिन रात करीब 10:30 बजे जब पूर्णेन्द्र अपने घर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद बड़े भाई सितेश ने उसे देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। एफआईआर के अनुसार सितेश ने अपने पास रखे चाकू से पूर्णेन्द्र पर हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ में चोट लगी।
बीच-बचाव करने आए भतीजे विकास सेन पर भी आरोपी ने चाकू से वार कर दिया, जिससे उसके होंठ के नीचे गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। उस वक्त घर में मां सरस्वती सेन और भतीजी मेघा सेन भी मौजूद थीं, जिन्होंने पूरी घटना देखी।
पूर्णेन्द्र सेन की शिकायत पर महासमुंद सिटी कोतवाली पुलिस ने 30 अक्टूबर की रात मामला दर्ज किया। आरोपी सितेश सेन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1) और 296 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले की जांच एएसआई बसंत पाणिग्रही कर रहे हैं।










