महासमुंद। ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। ANTF और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय चेक पोस्ट NH-53 पर नाकाबंदी कर किया कार से गांजा तस्करी कर रहे ओडिशा के 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार क्रमांक OD 02 CT 3301 में गांजा लेकर तस्कर ओडिशा से छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोका। तलाशी में कार की पीछे की सीट पर रखी सफेद बोरी से 23 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत 11 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा जिला बौध ओडिशा से लोड कर रायपुर में खपाने ले जा रहे थे। पुलिस ने गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त किया कारेंस कार कीमत 8 लाख रुपये और 4 मोबाइल कीमत 20 हजार 500 रुपये सहित कुल 19 लाख 95 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों में केशव गाई गौरिया पिता अभि गाई गौरिया 32 वर्ष निवासी डिगी थाना मनोमुंडा, स्वागत महाकुल पिता अमरेश महाकुल 26 वर्ष निवासी डिमरीपाली थाना बाउसुनी, मनतोष पौड पिता नरेन्द्र पौड 28 वर्ष निवासी सोभापावली थाना मनोमुंडा और रविन्द्र बस्तिया पिता खगेश्वर बस्तिया 26 वर्ष निवासी गोपालपुर थाना मनोमुंडा सभी जिला बौध ओडिशा शामिल हैं।
आरोपियों के विरुद्ध थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 124/2026 धारा 20 बी 2 बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है।
किया कार से गांजा तस्करी, ओडिशा के 4 तस्कर महासमुंद पुलिस के हत्थे चढ़े, 20 लाख की संपत्ति जब्त










