महासमुंद। थाना तेंदूकोना क्षेत्र में सूने मकान में हुई 5 लाख 59 हजार रुपये की बड़ी चोरी का महासमुंद पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो बिहार, एक दिल्ली और एक महासमुंद के आरोपी सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। आरोपियों के पास से चोरी की संपत्ति, नगदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी शिवप्रताप सिंह निवासी तेंदूकोना ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 अगस्त 2026 को उनके सूने मकान से अज्ञात चोरों ने सोने चांदी के आभूषण और नगदी सहित लगभग 5 लाख 59 हजार 500 रुपये की संपत्ति चोरी कर ली है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तेंदूकोना में अपराध क्रमांक 91/2026 धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और संदेहियों से पूछताछ के आधार पर चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में सैयद मोहम्मद मुजाहिद पिता सैयद मोहम्मद कलामुद्दीन 28 वर्ष निवासी बेगूसराय बिहार, महबूब खान पिता मोहम्मद बिलाल 26 वर्ष निवासी नई दिल्ली, सागर चंद्र कुर्रे पिता बालाराम कुर्रे 36 वर्ष निवासी छिंदौली थाना पटेवा महासमुंद और सुजीत कुमार पिता चंद्रदेव पोद्दार 30 वर्ष निवासी बेगूसराय बिहार शामिल हैं।
पूछताछ और निशानदेही पर आरोपियों से सोने जैसे रंग के मांग टीका, अंगूठियां, रानीहार, टॉप्स, चांदी जैसे रंग की अंगूठियां, बिछिया, पायल, चेन, ताबीज, नथनी, कमरबंद, सिक्के, तीन टच स्क्रीन मोबाइल, 20 हजार रुपये नगद और वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस शेष संपत्ति और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश कर रही है।










