चोरों के हौसले बुलंद, अब स्कूल को भी नहीं छोड़ रहे
लिमगांव में लाखों का नहीं, ज्ञान के मंदिर में चोरी
महासमुंद। महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों में इन दिनों चोरों ने सारी हदें पार कर दी हैं। अब चोरों ने शिक्षा के मंदिर को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ऐसा ही एक मामला ग्राम लिमगांव से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने हाईस्कूल, मिडिल स्कूल और संकुल भवन के ताले तोड़कर शासकीय सामान पर हाथ साफ कर दिया।मामले का विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी ठंडाराम टिकुलया, प्रभारी प्राचार्य शासकीय हाईस्कूल लिमगांव ने दिनांक 18/09/2026 को थाना आकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 12/09/2026 को दोपहर 11:30 बजे स्कूल में छुट्टी होने के बाद सभी स्टाफ ताला बंद कर चले गये थे। दिनांक 15/09/2026 की सुबह मिडिल स्कूल के शिक्षक मनीष साहू ने फोन पर सूचना दी कि स्कूल के मेन गेट के ताले टूटे हुए हैं। प्राचार्य द्वारा मौके पर जाकर देखा गया तो हाईस्कूल, मिडिल स्कूल और संकुल भवन तीनों के ताले टूटे मिले।अज्ञात आरोपियों द्वारा कार्यालय की अलमारी में रखे 02 नग DELL कंपनी के माउस, VGA केबल, HDMI केबल, वेब कैमरा, साउंड बॉक्स, विज्ञान प्रयोगशाला से माइक्रोस्कोप, स्ट्रिप लैंप, स्कूल में लगे 08 नग नल, मिडिल स्कूल कार्यालय से पीतल की घंटी, कक्षा 6वीं में मध्यान्ह भोजन हेतु रखे 90 किलो चावल तथा संकुल भवन के किचन से स्टील के बर्तन, बाल्टी, भगोना, कुकर, परात, चम्मच सहित रसोई का पूरा सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 17,730/- रूपये आंकी गई है।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सरायपाली में अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक /2026 धारा 305(e)-BNS, 331(4)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।थाना प्रभारी सरायपाली द्वारा बताया गया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। जल्द ही अज्ञात चोरों को पकड़कर सलाखों के पीछे भेजा जायेगा।










