महासमुंद। दीपावली पर्व को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों से हो रही ऑनलाइन चालान की कार्रवाई को तत्काल बंद करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह को लिखित आवेदन सौंपा है।
पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने अपने ज्ञापन में कहा है कि दीपावली के दौरान शहर में आम नागरिकों, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की भीड़ काफी बढ़ जाती है। ऐसे में प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से लगातार ऑनलाइन चालान काटे जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। त्योहार के समय खरीदारी के लिए आने वाले लोगों में इसे लेकर नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि जन सुविधा और त्योहारी माहौल को ध्यान में रखते हुए फिलहाल शहर के भीतर कैमरों से चालान की कार्रवाई रोकी जाए। साथ ही उन्होंने मांग की है कि इन कैमरों को शहरी भीड़भाड़ वाले क्षेत्र से हटाकर शहर के बाहर आउटर इलाकों में स्थापित किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था भी बनी रहे और लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने कलेक्टर से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
दीपावली पर सीसीटीवी से ऑनलाइन चालान बंद करने नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन








