खल्लारी/ सनातन योग वेलनेस फाउंडेशन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत भीमखोज के आश्रित ग्राम जोरातराई के कमार डेरा में योग – आयुर्वेद एवं पोषण जन – जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शनिवार, 17 अक्टूबर को संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में संस्था के प्रबंध निदेशक एवं योग आयोग से प्रशिक्षित योगाचार्य आर्य प्रकाश चंद्राकर ने ग्रामीणों को योग, प्राणायाम और संतुलित पोषण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को दैनिक जीवन में योग को अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
मुनगा को बताया पोषण का खजाना
आर्य प्रकाश चंद्राकर ने मुनगा (सहजन) के औषधीय गुणों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मुनगा को सुपरफूड कहा जाता है, इसमें दूध से 4 गुना अधिक कैल्शियम, पालक से कई गुना आयरन, केले से 3 गुना पोटैशियम, दही से 2 गुना प्रोटीन, विटामिन A, C, E, B6 सहित 9 आवश्यक अमीनो एसिड पाए जाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इसके कोमल पत्तों की सब्जी, दाल, सूप तथा पत्तों को सुखाकर बनाए गए पाउडर का रोज एक चम्मच सेवन करने से कुपोषण, खून की कमी दूर होती है और रोग – प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
हर घर मुनगा अभियान के तहत पौध वितरण
इस अवसर पर हर घर मुनगा अभियान के तहत सहजन के पौधों का रोपण किया गया और ग्रामीणों को निःशुल्क पौधे वितरित किए गए। साथ ही बीपी, शुगर जैसी बीमारियों की नियमित जांच के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन के बागबाहरा ब्लॉक प्रमुख पप्पू राम सावरा, कमार डेरा से सोनऊ कमार सहित कमार जनजाति समुदाय के बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम पूर्णतः स्वैच्छिक और जन – सहयोग से आयोजित किया गया था।








