धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों, चोरी एवं खनिज संपदा की अवैध खरीद फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में चौकी बिरेझर थाना कुरूद एवं साइबर थाना धमतरी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 146 नग बहुमूल्य हीरे जैसे पत्थरों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर कुल 10 लाख 15 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को जुर्म जरायम पतासाजी एवं पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एनएच 30 मुख्य मार्ग पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से बहुमूल्य हीरे लेकर ग्राहक की तलाश में खड़ा है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए बिरेझर पुलिस एवं साइबर थाने की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम विनोद अग्रवाल पिता बंशीलाल अग्रवाल उम्र 64 वर्ष निवासी केके वार्ड भाटापारा थाना भाटापारा शहर जिला बलौदाबाजार भाटापारा छत्तीसगढ़ बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से पॉलीथीन में रखे नीले एवं फिरोजी रंग की झिल्ली में लिपटे कुल 146 नग सफेद चमकदार एवं पारदर्शी बहुमूल्य पत्थर बरामद किए गए। जब्त पत्थरों का कुल वजन 16.17 ग्राम तथा शुद्ध वजन 13.49 ग्राम है जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त आरोपी के पास से दो सक्रिय सिम सहित एक सैमसंग गैलेक्सी एस 21 एफई 5जी मोबाइल फोन कीमत 8 हजार रुपये और नकद राशि 2 हजार 200 रुपये भी जब्त की गई। इस प्रकार कुल जुमला जब्ती 10 लाख 15 हजार 200 रुपये की है।
मेमोरेंडम कथन में आरोपी ने उक्त पत्थरों को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना तथा अब उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाशना स्वीकार किया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 21(4) खान एवं खनिज अधिनियम तथा धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पाए जाने पर दिनांक 19 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय कुरूद के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है।










