मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल आध्यात्मिक अन्य

---Advertisement---

12 साल से सत्ता में बैठी भाजपा किससे बचाएगी लोकतंत्र? डॉ. रश्मि चंद्राकर ने मांगा इस्तीफा

---Advertisement---

कहा – सत्ता में बैठकर लोकतंत्र की दुहाई देना राजनीतिक विरोधाभास, जवाबदेही से बचने के लिए पदयात्रा का सहारा ले रही है भाजपा

महासमुंद। देश में पिछले 12 वर्षों से भाजपा की सरकार है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र संचालित हो रहा है, फिर भाजपा किसके खिलाफ ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाल रही है? पूर्व जिलाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद एवं वर्ष 2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहीं डॉ. रश्मि चंद्राकर ने यही सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जब सत्ता, सरकार और नीतियों के संचालन की जिम्मेदारी भाजपा के पास है, तो लोकतंत्र और व्यवस्था से जुड़े सवालों की जवाबदेही भी उसी की बनती है। सत्ता में बैठकर लोकतंत्र की दुहाई देना राजनीतिक विरोधाभास है।

डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा कि लोकतंत्र कोई राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि संविधान की आत्मा और देश के करोड़ों नागरिकों का अधिकार है। लोकतंत्र की रक्षा की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सत्तारूढ़ सरकार की होती है। यदि लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो सरकार को इनका जवाब देना चाहिए। केवल पदयात्राओं और नारों के जरिए अपनी जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता।

डॉ रश्मि चंद्राकर ने सवाल किया कि 12 वर्षों तक सत्ता में रहने के बाद भी भाजपा को लोकतंत्र बचाने के लिए पदयात्रा निकालने की जरूरत क्यों पड़ रही है? क्या सरकार अपनी जिम्मेदारियों से अनजान है? क्या जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय राजनीतिक आयोजनों के माध्यम से जवाबदेही से बचने की कोशिश की जा रही है? सत्ता में बैठकर व्यवस्था की जिम्मेदारी विपक्ष पर डालना लोकतांत्रिक जवाबदेही से मुंह मोड़ने जैसा है।

डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का काम सरकार से सवाल पूछना है और सरकार का दायित्व उन सवालों का जवाब देना। सवाल उठाना देशविरोधी या व्यवस्था विरोधी नहीं, बल्कि लोकतंत्र की बुनियादी ताकत है। सरकार को चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता अधिकारों, संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और जनता के विश्वास से जुड़े सवालों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

आगे डॉ रश्मि ने कहा कि भाजपा को यह भी समझना होगा कि जनता को केवल राजनीतिक भाषणों और नारों से संतुष्ट नहीं किया जा सकता। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और आम नागरिकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को जवाबदेह होना पड़ेगा। लोकतंत्र में सत्ता जनता की सेवा और जवाबदेही के लिए होती है, न कि सवालों से बचने के लिए।

डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा कि जब केंद्र में सरकार भाजपा की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, तो लोकतंत्र की वर्तमान स्थिति को लेकर उठ रहे सवालों की नैतिक जिम्मेदारी भी भाजपा सरकार को स्वीकार करनी चाहिए। यदि सरकार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर पा रही है तो उसे नैतिक जवाबदेही लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं, बल्कि संविधान से मिला जनता का अधिकार है। इसकी रक्षा के लिए जनता की आवाज उठती रहेगी और सत्ता में बैठे लोगों को हर सवाल का जवाब देना ही होगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment