अब 1 क्विंटल धान बेचने पर भी सरकार देगी 13839 रुपये बोनस
महासमुंद। भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री देवेंद्र चंद्राकर ने भाजपा की साय सरकार के उस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है, जिसमें अब किसानों को 1 क्विंटल धान बेचने पर भी 13,839 रुपए का बोनस देने का निर्णय लिया गया है। श्री चंद्राकर ने कहा कि किसानों की पीड़ा, उनकी हर समस्याओं के समाधान को सरकार ने अपनी कार्यप्रणाली की प्रथम पंक्ति में रखा है। उसी के तहत यह किसान हित के ऐतिहासिक फैसले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला महासमुंद के 1 लाख 66 हजार पंजीकृत किसानों सहित छत्तीसगढ़ के 27.50 लाख से अधिक किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, और इससे किसानों के चेहरे पर खुशी लौटी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो रही है और इस बार सरकार ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया है। अब पंजीकृत किसान अगर एक क्विंटल भी धान बेचता है, तो उसे प्रति एकड़ 21 क्विंटल के हिसाब से ही पूरा बोनस मिलेगा। यानी धान कम बेचने पर भी बोनस की रकम नहीं घटेगी। राज्य सरकार प्रति एकड़ 13,839 रुपए बोनस दे रही है। खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने धान खरीदी का समर्थन मूल्य 3,100 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। इसमें केंद्र सरकार का एमएसपी 2,441 रुपए प्रति क्विंटल है और अंतर की राशि 659 रुपए बोनस है, जो राज्य सरकार देगी। इस तरह किसान को एक क्विंटल धान बेचने पर भी एमएसपी और बोनस मिलाकर कुल 16,280 रुपए खाते में आएंगे।
देवेंद्र चंद्राकर ने कहा कि पिछले महीने चक्रवाती अर्नब तूफान से प्रदेश के कई इलाकों में धान की फसल को नुकसान पहुंचा था। ऐसे में सरकार का यह फैसला किसानों को फसल नुकसान से राहत देने की बड़ी कोशिश है। महासमुंद जिले के किसानों को भी चक्रवात से काफी नुकसान हुआ है। भाजपा किसान मोर्चा द्वारा किसानों की समस्या को उच्च स्तर तक अवगत कराया गया था। किसानों की परेशानी को देखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है कि किसान यदि प्रति एकड़ इससे कम धान भी बेच पाते हैं, तो भी उन्हें 21 क्विंटल के हिसाब से 13,839 रुपए प्रति एकड़ की पूरी अंतर राशि कृषक उन्नति योजना के तहत दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह फैसला बताता है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय किसानों की वास्तविक स्थिति को समझते हैं। उन्होंने कहा कि धान बेचने के लिए ऑनलाइन टोकन लेते समय ही आवेदन हो जाएगा और बोनस की राशि सीधे किसान के आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि साय सरकार ने हमेशा किसान को भगवान माना है और यही कारण है कि हर फैसला किसान के हित में लिया जा रहा है।
साय सरकार ने लिया किसान हित में निर्णय : देवेंद्र चंद्राकर











