बसना/भंवरपुर। ग्राम उड़ेला में अपनी जमीन पर कांटा तार लगाने के दौरान एक ग्रामीण के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि गांव के ही मुनुराम पटेल ने हाथ में टंगिया लेकर पहुंचकर गाली-गलौज की और घेराबंदी करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित जयनारायण साहू की शिकायत पर भंवरपुर चौकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296 एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम उड़ेला निवासी जयनारायण साहू 14 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे अपनी स्वामित्व की भूमि खसरा नंबर 1051, रकबा 0.03 पर कांटा तार से घेराबंदी करने के लिए गड्ढा कर रहे थे। वह अपने खेत को सुरक्षित करने के लिए तार लगाने की तैयारी में थे। इसी दौरान गांव का ही मुनुराम पटेल हाथ में टंगिया लेकर वहां पहुंचा।
आरोप है कि मुनुराम पटेल ने जमीन के कुछ हिस्से को अपना बताते हुए घेराबंदी करने पर आपत्ति जताई। दोनों के बीच जमीन को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने जयनारायण साहू के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब जयनारायण ने जमीन को अपने नाम पर बताते हुए घेराबंदी करने की बात कही, तो आरोपी ने हाथ में रखी टंगिया दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना को गांव के ही हिरालाल टंडन द्वारा देखे जाने का उल्लेख शिकायत में किया गया है।
घटना के बाद जयनारायण साहू ने भंवरपुर चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन के आधार पर आरोपी मुनुराम पटेल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 एवं 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जमीन के दस्तावेजों और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में जमीन विवाद को लेकर तनाव की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की समझाइश दी है।








