महासमुंद। जिला जेल की ऊंची दीवारें, कड़ा पहरा और सीसीटीवी की निगरानी, फिर भी सोमवार तड़के चार कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए। यह घटना सिर्फ फरारी की नहीं है, यह जेल प्रशासन की पूरी कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है। बेमचा स्थित जिला जेल जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह से एक साथ चार कैदियों का भाग निकलना बताता है कि अंदर की सुरक्षा व्यवस्था में कहीं न कहीं बड़ी चूक हुई है। घटना के बाद से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चारों कैदी सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच जेल की दीवार फांदकर फरार हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन हरकत में आया। डीजी, आईजी सहित पुलिस के आला अधिकारी जिला जेल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
जिला जेल अधीक्षक पूजा तिर्की से मिली जानकारी के अनुसार फरार कैदियों में पंचूराम निषाद, राजेन्द्र राज चौधरी, धरम वीर योगी और लीलाधर पाल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि चारों कैदी एनडीपीएस और चोरी के मामलों में लंबे समय से जिला जेल में बंद थे। एक साथ चार कैदियों के जेल से फरार होने की घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद पुलिस ने फरार कैदियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर रवाना कर दी हैं। संभावित ठिकानों के साथ आसपास के इलाकों में भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस फरार कैदियों के संभावित मार्ग और उनके संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है।
इधर, जेल के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चारों कैदी किस तरह जेल की सुरक्षा व्यवस्था को पार कर दीवार तक पहुंचे और फरार होने में उन्हें किस स्तर की मदद या सुविधा मिली। जेल प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। आखिर चारों कैदी जेल की दीवार तक कैसे पहुंचे, सुरक्षा में चूक कहां हुई, क्या ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की निगरानी में लापरवाही हुई, इन तमाम सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।
फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन फरार कैदियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। जिले की सीमाओं पर भी चौकसी बढ़ाई गई है और आसपास के थानों को अलर्ट किया गया है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि फरार कैदियों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस घटना ने जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है और अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और फरार कैदियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं।









