लगातार बढ़ती महंगाई से गरीब, मध्यम वर्ग की रसोई का बजट बिगड़ा
महासमुंद। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर आम आदमी की रसोई का बजट बिगड़ने के पीछे मोदी सरकार की गलत नीतियां और आर्थिक कुप्रबंधन है। कांग्रेस के प्रदेश संयुक्त महासचिव व जीव जंतु कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष आलोक चंद्राकर ने कहा कि आज महंगाई की आग में गरीब और मध्यम वर्ग का परिवार झुलस रहा है, लेकिन सरकार को न जनता की परेशानी दिख रही है और न ही उसे दूर करने की कोई ठोस कोशिश हो रही है। वादे बड़े किए गए थे, नतीजा महंगाई के रूप में सामने है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में सरकार बनने के 100 दिन के भीतर महंगाई कम करने का वादा भाजपा ने किया था। 2014 से इनकी सरकार है, आज 12 साल में महंगाई दोगुने से तीन गुना तक बढ़ा दी गई है। आम आदमी की इनकम सीमित है और महंगाई के कारण खर्च दोगुना हो रहा है। आय में वृद्धि नहीं हुई है, जबकि सामान लगातार महंगे हो रहे हैं। ऐसे में आम आदमी का हर त्योहार मायूसी और तंगहाली में मन रहा है। आलोक चंद्राकर ने घरेलू गैस के दामों को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि 2014 से पहले भाजपा को घरेलू गैस सिलेंडर का दाम 400 रुपये महंगा लगता था। इनके छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति ईरानी तो गैस सिलेंडर लेकर 400 रुपये के दर के विरोध में सड़क पर बैठ गई थीं। आज भाजपा शासन में घरेलू गैस का दाम 1050 रुपये के आसपास है, अब यह इन्हें महंगी नहीं लगती। कमर्शियल सिलेंडरों के दाम पुनः बढ़ाए गए हैं, घरेलू गैस के दाम भी आम आदमी का बजट बिगाड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की इस दोहरी नीति से साफ है कि महंगाई को लेकर भाजपा का विरोध सिर्फ सत्ता पाने तक था। सत्ता में आने के बाद वही महंगाई उसे सामान्य लगने लगी। जब सिलेंडर 400 रुपये का था तब सड़क पर बैठने वाली भाजपा आज 1050 रुपये पर चुप है। यही सरकार की संवेदनहीनता को दिखाता है। जनता को राहत देने के बजाय सरकार लगातार बोझ बढ़ा रही है। श्री चंद्राकर ने कहा कि त्योहार की तैयारी करें या घर का खर्च चलाएं, गरीब व मध्यम वर्ग परिवारों के सामने यही सवाल खड़ा हो गया है। दीपावली की खरीदारी की योजना बनाने से पहले ही रसोई का हिसाब बिगड़ने लगा है। पिछले साल दीपावली के दौरान बाजार में बचत उत्सव की चर्चा थी, लेकिन इस बार बढ़ती कीमतों ने लोगों की बचत की गुंजाइश ही कम कर दी है। नए कपड़े, मिठाई, घर की सजावट और खरीदारी के लिए अलग से राशि निकालना आसान नहीं रह गया है।
खाद्य सामग्रियों के दामों में भी 20 से 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। हालात यह है कि दो माह पहले 6 हजार रुपये में आने वाला महीने भर का राशन अब 8 से 10 हजार रुपये में भी मुश्किल से आ रहा है। दो माह पहले 50 रुपये किलो मिलने वाला चावल अब 80 से 90 रुपये किलो तक बिक रहा है। 120 रुपये किलो मिलने वाली दाल की कीमत बढ़कर 150 रुपये तक पहुंच गई है। शक्कर के दाम भी 45 रुपये से बढ़कर करीब 60 रुपये किलो हो गए हैं। सोयाबीन तेल का 15 लीटर का टीन, जो पहले 2 हजार से 2100 रुपये में उपलब्ध था, अब 2600 रुपये तक बिक रहा है।
मोदी सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन से आम आदमी की जेब खाली : आलोक चंद्राकर











