राम लीला का हुआ मंचन, दिशा नाट्य कला मंच के कलाकारों ने दी आकर्षक प्रस्तुति
40 फुट ऊंचे रावण के पुतले का हुआ दहन, सोनपत्ती भेंट कर लोगों ने दीं शुभकामनाएं
महासमुंद। बुराई के प्रतीक रावण का अंत होते ही जब 40 फुट ऊंचा पुतला धू-धू कर जल उठा, तो पूरा दशहरा मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। आतिशबाजी की गड़गड़ाहट और हजारों दर्शकों की तालियों के बीच नगर में विजयादशमी का पर्व परंपरागत उल्लास और हर्ष के साथ मनाया गया।
नगर पालिका एवं दशहरा उत्सव समिति द्वारा संयुक्त रूप से पंडित जयलाल प्रसाद शर्मा स्मृति दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में राम दल के स्वागत के बाद दिशा नाट्य कला मंच के कलाकारों ने लाइट एंड साउंड इफेक्ट के साथ करीब एक घंटे तक श्रीराम लीला का आकर्षक मंचन किया।
रामलीला मंचन के बाद शाम करीब साढ़े 7 बजे श्रीराम के पात्र ने मंच से नीचे उतरकर अग्निबाण से रावण के पुतले का दहन किया। पुतला जलते ही आतिशबाजी शुरू हो गई। जय श्रीराम का नारा गुंजायमान हुआ। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को सोनपत्ती भेंट कर अनीति पर नीति की जीत के पर्व दशहरा की शुभकामनाएं दीं। आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग द्वारा मैदान की साफ-सफाई व बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। विद्युत विभाग को रोशनी की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी, युवा, बच्चे, बुजुर्ग महिलाएं और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।






