महासमुंद। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला पुलिस बल महासमुंद द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के तहत पुलिस लाईन परसदा स्थित शहीद पुलिस स्मारक स्थल और बीटीआई रोड स्थित वीरांगना महारानी दुर्गावती स्मारक स्थल में विशेष साफ सफाई की गई। इस दौरान जिला पुलिस बल के अधिकारी और जवानों ने श्रमदान कर परिसर में फैले कचरे, झाड़ियों और अनावश्यक घास फूस की सफाई की तथा स्मारक स्थल को स्वच्छ और सुंदर बनाया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनकी जयंती पर स्वच्छता का यह कार्य न केवल उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है बल्कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत के संकल्प को भी सार्थक करता है। पुलिस विभाग का यह प्रयास समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने की दिशा में प्रेरणादायी है।







