निर्माण लोक निर्माण विभाग का, लेकिन राहत नगर पालिका दे रही, अध्यक्ष निखिल कांत साहू ने कहा नागरिकों की सुविधा सर्वोपरि
महासमुंद। शहर के गौरव पथ बीटीआई रोड और तुमगांव रोड एकता चौक पर चल रहे निर्माण कार्य से उड़ रही धूल से राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के रहवासियों को हो रही परेशानी को देखते हुए नगर पालिका परिषद महासमुंद ने स्वयं पहल करते हुए इन मार्गों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव शुरू कराया है।
उल्लेखनीय है कि बीटीआई रोड और तुमगांव रोड का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण के दौरान सड़क पर भारी धूल उड़ने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इसको लेकर नागरिकों द्वारा लगातार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 में भी शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं।
नागरिकों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष निखिल कांत साहू ने निर्देश दिया कि धूल से राहत दिलाने के लिए नगर पालिका द्वारा पानी का छिड़काव कराया जाए। अध्यक्ष ने कहा कि नागरिकों की सुविधा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है। निर्माण कार्य किसी भी विभाग द्वारा कराया जा रहा हो, लेकिन उससे आम नागरिकों को परेशानी हो रही है तो उसका समाधान करना नगर पालिका की प्राथमिकता है। गौरव पथ का निर्माण लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी है, इसके बावजूद नागरिकों की परेशानी को देखते हुए नगर पालिका पानी का छिड़काव करा रही है। नगर पालिका अध्यक्ष ने संबंधित विभाग से भी अपेक्षा की है कि निर्माण कार्य के दौरान धूल नियंत्रण और नागरिकों की सुविधा के लिए नियमित रूप से आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद महासमुंद नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए सदैव तत्पर है और नागरिक हित में आवश्यक कदम उठाती रहेगी।








