महासमुंद। ग्राम झारा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विगत 19 दिनों से बिजली बंद पड़ी है। जिसके कारण 9वी से 12वी तक के 298 छात्र-छात्राओ को भीषण गर्मी और उमस के बीच पढ़ाई करने को विवश होना पड़ रहा है।
स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उमाशंकर नेताम ने बताया कि बिजली बंद होने की सूचना कई बार संबंधित विभाग और जिला प्रशासन को दी जा चुकी है। लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराने के बाद भी अब तक बिजली सुधार का कार्य नहीं कराया गया है। जिसके कारण स्कूली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
उन्होने बताया कि स्कूल में बिजली नहीं होने से पंखे बंद है। कक्षाओ में गर्मी और उमस के कारण बच्चो का बैठना मुश्किल हो गया है। पढाई पर सीधा असर पड़ रहा है। साथ ही पेयजल, निस्तारी और शौचालय की मोटर भी बिजली से संचालित है। बिजली बंद होने से बच्चो को पीने के पानी और शौचालय उपयोग में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्कूल प्रबंधन समिति ने कहा कि 19 दिनो तक बिजली बंद रहना विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। नेताम ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो स्कूल में तालाबंदी करने की स्थिति निर्मित होगी। जिसकी समस्त जवाबदारी संबंधित विभाग और जिला प्रशासन की होगी। उन्होने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल स्कूल की बिजली व्यवस्था बहाल कर छात्रो को राहत दी जाए।
19 दिनों से बिजली बंद, झारा हाई स्कूल के 298 छात्र गर्मी और अंधेरे में पढ़ने को मजबूर







