महासमुन्द। वार्ड क्रमांक 14 एवं 16 के मध्य स्थित पुराने रावण भाठा की खाली भूमि में पिछले दो दिनों से कचरा फेंके जाने संबंधी समाचार इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रसारित होने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा द्वारा संज्ञान लिया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका के सफाई अमले द्वारा मौके पर पहुंचकर तत्काल सफाई कराते हुए स्थल से कचरा हटाया गया। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को उक्त स्थल पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारी ने निर्देशित किया है कि यदि कोई व्यक्ति उक्त स्थान पर कचरा फेंकते हुए पाया जाता है तो फोटो, वीडियो अथवा अन्य उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर उसकी पहचान सुनिश्चित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रमाणित साक्ष्यों के आधार पर कचरा फेंकने वाले व्यक्ति की जानकारी समाचार पत्रों एवं अन्य सार्वजनिक माध्यमों से साझा की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पूर्व स्टेशन रोड के पास भी इसी प्रकार सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंके जाने का मामला सामने आया था। उस समय भी नगर पालिका द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि कचरा फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान यदि फोटो, वीडियो अथवा अन्य पुख्ता साक्ष्य से होती है, तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
नगर पालिका ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। यदि नागरिक स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग नहीं करेंगे, तो आखिर शहर को स्वच्छ रखने में कौन सहयोग करेगा? नागरिक अपने आसपास कचरा फेंकने वालों को रोकें तथा ऐसे मामलों की सूचना नगर पालिका को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।






