मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल आध्यात्मिक अन्य

---Advertisement---

स्काउट गाइड के छात्र बनेंगे बच्चों के प्रहरी, बाल संरक्षण आयोग और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के संयुक्त प्रयास से स्कूलों में गठित होंगे ‘बाल प्रहरी क्लब’

---Advertisement---

महासमुंद। छत्तीसगढ़ में बाल अधिकारों की रक्षा और बच्चों को सुरक्षित, संरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक अभिनव पहल की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के समस्त शासकीय एवं अशासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में बाल प्रहरी क्लब के गठन एवं प्रभावी संचालन के लिए विगत शुक्रवार को महत्वपूर्ण समझौता एमओयु संपन्न हुआ। आयोग कार्यालय, रायपुर में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंदरजीत सिंग खालसा की विशेष उपस्थिति में इस महत्वपूर्ण पहल को औपचारिक स्वरूप प्रदान किया गया। कार्यक्रम में आयोग के सचिव श्री बृजेंद्र सिंह भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छग राज्य सचिव अमित क्षत्रिय, राज्य आयुक्त रोवर अशोक देशमुख, कोरबा जिला मुख्य आयुक्त सादिक शेख, डीओसी दिगंबर कौशिक, रायपुर जिला सचिव सांत्वना ठाकुर सहित दोनों संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस पहल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें बच्चों को केवल बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें अपने सहपाठियों के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग एवं जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता बनाया जाएगा। बाल आयोग के विधिक अधिकारों एवं संरक्षण संबंधी अनुभव तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की संगठनात्मक कार्यकुशलता को मिलाकर तैयार की गई यह पहल बाल संरक्षण के क्षेत्र में एक अभिनव मॉडल के रूप में विकसित की जा रही है। इसका मूल उद्देश्य बच्चों को बच्चों के अधिकारों का सजग प्रहरी बनाना है, ताकि किसी भी बच्चे के साथ होने वाले अन्याय, शोषण अथवा अधिकारों के उल्लंघन की जानकारी समय रहते संबंधित संस्थाओं तक पहुंच सके।

बाल प्रहरी क्लब की प्रमुख कार्ययोजना
प्रत्येक शासकीय एवं अशासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में बाल प्रहरी क्लब का गठन किया जाएगा। क्लब का प्रमुख कार्य योजना होगी प्रारंभिक चेतावनी तंत्र विकसित करना। बाल विवाह, बाल श्रम, नशावृत्ति, भिक्षावृत्ति एवं मानव तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियों और बाल अधिकारों के उल्लंघन की संभावित घटनाओं की समय रहते पहचान कर संबंधित संस्थाओं तक सूचना पहुंचाना है तथा लगातार अनुपस्थित रहने वाले अथवा संकटग्रस्त बच्चों की मदद करना। इसी तरह प्रत्येक बाल प्रहरी क्लब दस प्रमुख विषयों पर कार्य करेगा। इनमें पांच स्थायी विषय बाल विवाह रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन, नशामुक्त परिसर, पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूकता तथा साइबर सुरक्षा एवं मानव तस्करी की रोकथाम शामिल हैं। वहीं, शेष पांच विषय स्थानीय परिस्थितियों एवं क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुसार निर्धारित किए जाएंगे। बाल प्रहरी क्लबों को ग्राम पंचायत स्तरीय बाल संरक्षण समितियों, जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं आपातकालीन सेवा 112 से जोड़ा जाएगा, ताकि जरूरतमंद बच्चों को समय पर सहायता मिल सके।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले को मिलेगा श्रेष्ठ बाल प्रहरी सम्मान
इस संयुक्त पहल के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय में बाल प्रहरी क्लब का गठन, सदस्यों को बाल प्रहरी निष्ठा शपथ, नियमित जागरूकता गतिविधियां, मासिक प्रगति प्रतिवेदन और उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों को ‘श्रेष्ठ बाल प्रहरी सम्मान’ प्रदान करने जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इस अवसर पर आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा ने इस पहल को बाल संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण नवाचार बताते हुए कहा कि बच्चों की सक्रिय भागीदारी से ही विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण और बाल अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता को मजबूत किया जा सकता है। यह पहल बच्चों को अपने साथियों के अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें जिम्मेदार सामाजिक नेतृत्व के लिए भी तैयार करेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment