महासमुंद। नगर के वार्ड क्रमांक 03 अयोध्या नगर में मां महामाया दुर्गा पूजा उत्सव समिति द्वारा शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित दुर्गा पूजा उत्सव का समापन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ माता विसर्जन के रूप में किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं समिति के सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला। माता विसर्जन के दौरान भक्तिमय वातावरण में मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की। आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्सव एवं धार्मिक आस्था का माहौल बना रहा।
समिति द्वारा नवरात्रि के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। समिति के सदस्यों एवं वार्डवासियों के सहयोग से आयोजन को भव्य और सफल बनाया गया। इस अवसर पर पार्षद सुनैना पप्पू ठाकुर, समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, नागरिकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने मां महामाया से समस्त नगरवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।






