एकता नगर (केवड़िया) में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय समारोह में हुए शामिल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में लिया ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का संकल्प
महासमुंद। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) स्थित विश्व प्रसिद्ध ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ परिसर में 31 अक्टूबर को आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में महासमुंद जिले के 51 नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने सहभागिता कर जिले का गौरव बढ़ाया। राष्ट्रीय स्तर के इस भव्य आयोजन में शामिल होकर जिले के नागरिकों ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गरिमामयी उपस्थिति एवं गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्रभाई पटेल की मौजूदगी में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने सभी प्रतिभागियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय एकता की झलक ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार किया।
*स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के दर्शन कर सरदार पटेल को किया नमन*
इस विशेष प्रवास के दौरान महासमुंद जिले के प्रतिनिधिमंडल ने विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के दर्शन किए तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान करने में सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान को नमन किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प लिया।
इसके साथ ही एकता नगर में आयोजित ‘भारत पर्व’ में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला एवं पारंपरिक शिल्पकला का भी अवलोकन किया। यहां डोकरा कला, बांस शिल्प और कोसा वस्त्रों की आकर्षक प्रदर्शनी ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया। अपनी माटी और संस्कृति की झलक देखकर महासमुंद जिले के नागरिकों ने गर्व और प्रसन्नता व्यक्त की।
*गांव-गांव तक पहुंचाएंगे राष्ट्रीय एकता का संदेश*
समारोह में शामिल प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को एक मंच पर देखकर भारत की विविधता में एकता की भावना को प्रत्यक्ष अनुभव करना उनके जीवन का अविस्मरणीय पल रहा। उन्होंने संकल्प लिया कि महासमुंद जिले में लौटकर अपने-अपने गांवों एवं क्षेत्रों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रहित का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
*51 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल नागरिक*
महासमुंद जिले से शामिल प्रतिनिधिमंडल में दुबेलाल साहू, गणेश पटेल, धरमदास साहू, रविन्द्र पंडा, डेविड कुमार साहू, रूपराम चक्रधारी, जीराम साहू, ईश्वर चंद्राकर, टिंकल चौहान, कृष्ण कुमार सेन, लोकेश कुमार साहू, युगल कांत ठाकुर, अंकितेश जांगड़े, वीर सिंग ठाकुर, संदीप निर्मलकर, विकास पटेल, परदेशी राम पटेल, हेमप्रकाश साव, चंद्रशेखर चौहान, दीनदयाल भोई, तरुण प्रधान, मनोज यादव, रूपेंद्र साहू, प्रकाश पटेल, लीलाधर साहू, जितेंद्र साव, सत्यप्रकाश साव, जतिन निर्मलकर, लेखराम साहू, सोमेश साहू, विष्णु साहू, कृष्ण ध्रुव, भुवन साहू, कौशल निषाद, लक्ष्मीकांत निषाद, गिरधर साहू, , गिरीश साहू, केशव साहू, नीलाम्बर नायक, भारत पटेल, मनोज दास, प्रमोद पटेल, रितिका कन्नौजे, कमलेश्वरी ध्रुव, उर्मिला साहू, अनीषा मिंज, योगेश्वरी मरकाम एवं जया यादव शामिल रहे।
इस प्रतिनिधिमंडल के नोडल अधिकारी के रूप में थाना प्रभारी श्री शैलेन्द्र नाग भी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय एकता दिवस का यह आयोजन महासमुंद जिले के नागरिकों के लिए गौरव, प्रेरणा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने वाला अविस्मरणीय अवसर बना। एकता नगर से लौटे ये सभी प्रतिभागी अब अपने क्षेत्रों में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का संदेश प्रसारित करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे।







