महासमुंद। पिथौरा पुलिस ने बाइक चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए चोरी की बाइक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर तंत्र और सतत पतासाजी से पुलिस को यह सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपियों को 14 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्रार्थी संतोष यादव पिता मनहरण यादव उम्र 42 वर्ष निवासी दरबा, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर ने 21 अक्टूबर 2026 को थाना पिथौरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह रात करीब 9.30 बजे पिथौरा मार्केट से ग्राम अठारहगुढ़ी वापस जा रहा था। लहरौद के पास वह अपनी बाइक को सड़क किनारे खड़ी कर शौच के लिए रुका। वापस आकर देखा तो उसकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एमडी 6901 वहां नहीं थी। आसपास काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का पता नहीं चला। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पिथौरा में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 272/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने अज्ञात आरोपी का लगातार पता तलाश किया और मुखबिर तैनात किए। पतासाजी के दौरान जानकारी मिली कि चोरी की बाइक आरोपी नवीन दीवान के घर के पास गली में रखी है। पुलिस ने घेराबंदी कर डागेश्वर यादव पिता स्वर्गीय मोहनलाल यादव उम्र 19 वर्ष निवासी साल्हेभाठा, थाना तेंदूकोना और नवीन दीवान पिता उदयराम दीवान उम्र 19 वर्ष निवासी लहरौद, थाना पिथौरा के संयुक्त कब्जे से चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एमडी 6901 कीमत करीब 20,000 रुपये बरामद की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने मेमोरेंडम कथन में जुर्म करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।








