निर्धारित कुंड में ही हवन सामग्री डालने नपाध्यक्ष ने की लोगों से अपील
महासमुंद। नगर पालिका द्वारा नगर के आस्था के केंद्र माँ महामाया तालाब में चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान का नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने मौके पर पहुँचकर निरीक्षण किया तथा सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान तालाब से बडी मात्रा में कचरा निकला। गणेश प्रतिमाओ के अवशेष, हवन सामग्री, नारियल के छिलके, पॉलीथिन, प्लास्टिक बोरिया, पीओपी से बनी मूर्तिया सहित कुल दो डम्फर कचरा तालाब से बाहर निकाला गया। सफाई कर्मचारियो ने घंटो पसीना बहाकर तालाब को स्वच्छ किया।
पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि नगर पालिका का पूरा प्रयास है कि महामाया तालाब की स्वच्छता बरकरार रहे। पालिका और आम जनो के सहयोग से ही हम तालाब को स्वच्छ व सुंदर रख सकते है। उन्होने कहा कि आम जनो से कई बार अपील और निवेदन के बाद भी लोग हवन सामग्री को बोरियो मे भरकर तालाब में डाल देते हैं। कई लोग पीओपी से बनी मूर्तियों को भी तालाब में विसर्जित कर देते हैं जिससे तालाब में गंदगी और कचरे का अंबार लग जाता है।
श्री साहू ने नगर वासियों से अपील करते हुए कहा कि महामाया तालाब हम सभी की आस्था का केंद्र है। माँ महामाया के दर्शन के लिए नगर सहित दूर – दूर से श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में तालाब में गंदगी होने से आस्था को ठेस पहुँचती है। तालाब की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने नागरिकों से निवेदन किया कि हवन सामग्री, हूम धूप और पूजा सामग्री को तालाब में न डाले बल्कि उसके लिए निर्धारित कुंड में ही विसर्जित करे। पीओपी की मूर्तियो का विसर्जन तालाब में न करे। नगर की स्वच्छता और जलस्रोतो की साफ सफाई बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए जन सहयोग बेहद जरूरी है। इस अवसर पर प्रभारी दिलीप चंद्राकर, सफाई सुपरवाइजर जीतू सोनी, गोपाल सोना सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे और सफाई कार्य में जुटे रहे।






