महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने आज पालिका कार्यालय में सफाई विभाग की बैठक लेकर शहर की साफ सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में सफाई प्रभारी सहित सफाई विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। अध्यक्ष श्री साहू ने शहर में नियमित सफाई सुनिश्चित करने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। सभी वार्डों में प्रतिदिन समय पर कचरा संग्रहण और नालियों की सफाई अनिवार्य रूप से की जाए। कहीं भी कचरे के ढेर या जलभराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति और उनके कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। जहां स्टाफ की कमी है वहां तत्काल व्यवस्था की जाए।
श्री साहू ने कहा कि त्योहारी सीजन और आगामी कार्यक्रमों को देखते हुए बाजार क्षेत्र, मुख्य मार्गों, धार्मिक स्थलों और स्कूल के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए प्रेरित किया जाए। सफाई में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं भी रखीं जिनके निराकरण के लिए अध्यक्ष ने आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर ही स्वस्थ शहर की पहचान है और सभी के सहयोग से महासमुंद को स्वच्छता में आदर्श नगर बनाना है।
शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने ली बैठक, दिए सख्त निर्देश






