बेटा जौतिया एवं चिल्हारीडार पूजा में शामिल हुए नगर पालिका अध्यक्ष
महासमुंद। स्थानीय हाई स्कूल मैदान में गोंडवाना आदिवासी समाज द्वारा पारंपरिक आस्था से जुड़े बेटा जौतिया परब एवं चिल्हरीडार पूजा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहले पहर के मुख्य अतिथि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा तथा दूसरे पहर में नगर पालिका परिषद महासमुंद के अध्यक्ष निखिलकांत साहू बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल पर समाज जनों ने पालिका अध्यक्ष श्री साहू का पारंपरिक पीला गमछा एवं पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर श्री साहू ने समाज के वरिष्ठजनों, भाई बहनों से मुलाकात कर कहा कि गोंडवाना समाज की परंपराएं, संस्कृति और आस्था ही छत्तीसगढ़ की असली पहचान है। जल, जंगल, जमीन और आपकी संस्कृति से ही हमारा प्रदेश समृद्ध है।
अपने संबोधन में नपाध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि मैं आज यहां अतिथि बनकर नहीं बल्कि बेटा बनकर अपने परिवार के बीच आया हूं। आपका यह स्नेह और अपनापन मेरे लिए सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने बेटा जौतिया परब पर उपवास रखी सभी माताओं को प्रणाम करते हुए कहा कि एक मां ही होती है जो अपने बेटे की लंबी उम्र, सुख समृद्धि और खुशहाली के लिए इतना कठिन व्रत रखती है। मां के इस त्याग और ममता से बड़ा कोई व्रत नहीं है। आप सभी की आस्था और भक्ति को मैं नमन करता हूं।
उन्होंने कहा समाज जनों से मिले प्यार और आशीर्वाद से अभिभूत हूं। ऐसे पारंपरिक पर्व हमारी एकता को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में सभापति जीतेंद्र देवनारायण ध्रुव, गुलशन साहू, जय देवांगन, पूर्व पार्षद रिंकू चंद्राकर, टोमन कागजी, पार्षद धनेन्द्र चंद्राकर, राहुल आवड़े, वरिष्ठ नेता सोनाधर सोनवानी, पार्षद नीरज चंद्राकर सहित हजारों की संख्या में समाज जन उपस्थित थे।







