पीटियाझर में सीसी रोड निर्माण कार्य का नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू व पार्षदों ने किया भूमिपूजन
महासमुंद। नगर के वार्ड क्रमांक 12 पीटियाझर में सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन आज नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के मुख्य आतिथ्य एवं वार्ड पार्षद श्रीमती कल्पना सूर्यवंशी की अध्यक्षता में विधि-विधान से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर अध्यक्ष एवं पार्षद द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रीफल तोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया और निर्विघ्न कार्य संपन्न होने की कामना की गई। यह निर्माण कार्य पार्षद निधि मद से स्वीकृत किया गया है। इस सड़क के निर्माण से वार्ड के रहवासियों को आवागमन में हो रही कठिनाइयों से निजात मिलेगी, विशेषकर वर्षा ऋतु में जलभराव एवं कीचड़ की समस्या समाप्त होगी।
इस दौरान पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने सीसी रोड की सौगात पर वार्डवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज वार्ड क्रमांक 12 पीटियाझर में सीसी रोड के भूमिपूजन के अवसर पर आप सभी की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की है। हमारी परिषद का संकल्प है कि महासमुंद का कोई भी वार्ड विकास से वंचित न रहे। सड़क, नाली, पानी और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाएं हर गली- मोहल्ले तक पहुंचाना ही हमारी प्राथमिकता है। पीटियाझर की यह मांग लंबे समय से थी, जिसे आज पार्षद निधि से पूरा किया जा रहा है। मैं विश्वास दिलाता हूँ कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण होगा।
इस अवसर पर नगर पालिका सभापति श्रीमती ज्योति रिंकू चंद्राकर, श्री जितेंद्र देव नारायण ध्रुव, पार्षदगण श्री मुश्ताक खान विक्की, श्री नीरज चंद्राकर, श्रीमती भारती चंद्राकर, श्री राहुल आवड़े, श्रीमती धनेश्वरी सोनवानी, श्रीमती शुभ्रा मनीष शर्मा सहित मोहल्ले के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






