रजकट्टी में डीजे डांस प्रतियोगिता का हुआ भव्य आयोजन, नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू हुए शामिल
महासमुंद। महासमुंद जिला मुख्यालय से लगे ग्राम रजकट्टी में युवा मंडली एवं ग्रामवासियों के सहयोग से डीजे डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बतौर विशेष अतिथि महासमुंद नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गरियाबंद जनपद पंचायत अध्यक्ष इन्द्राणी नेहरू साहू उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत सदस्य नंदनी ओंकार साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष हरीश साहू, ग्राम सरपंच युधिष्ठिर साहू, मधुबाला रात्रे, मनीष हरित, डॉ परमानंद साहू, हेमंत साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि
ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजन हमारी संस्कृति और युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं। नाच-गान और कला से गांव में एकता और उत्साह का वातावरण बनता है। हमारे युवा बहुत प्रतिभावान हैं, उन्हें सही दिशा और अवसर देने की आवश्यकता है। मैं आयोजक समिति को इस सफल आयोजन के लिए हृदय से बधाई और शुभकामनाएं देता हूं
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे नशा जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहते हैं। आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों के द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।






