खल्लारी। लोक आस्था और छत्तीसगढ़ की समृद्ध पारंपरिक संस्कृति का प्रतीक ईशर-गौरा विवाह उत्सव इस बार भी ग्राम बीकेबाहरा में बड़े ही धूमधाम और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। नरक चतुर्दशी से शुरू हुए इस पावन तिहार में गांव के हर घर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मिट्टी से भगवान गौरा-गौरी, नंदी और भीमसेन की आकर्षक प्रतिमाएं बनाई गईं। ग्रामीणों ने पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव से इन प्रतिमाओं की स्थापना कर पूजा-अर्चना की। उत्सव का मुख्य आकर्षण भव्य शिव बारात रही, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बारात में छत्तीसगढ़ी लोक वाद्यों की मधुर धुन पर ग्रामीण रातभर थिरकते रहे और पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। महिलाओं और युवाओं ने पारंपरिक गीतों पर नृत्य कर उत्सव में चार चांद लगा दिए। अगले दिन सुबह तालाब में विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान भी ग्रामीणों में गजब का उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि ईशर-गौरा विवाह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी परंपरा, संस्कृति और लोक आस्था की जीवंत पहचान है, जिसे आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
बीकेबाहरा में धूमधाम से मना ईशर-गौरा विवाह उत्सव, शिव बारात में रातभर थिरके ग्रामीण









