महासमुंद। छत्तीसगढ़ में महतारी रथ योजना शुरू करने वाली पहली नगर पालिका बनकर महासमुंद ने प्रदेश भर में एक नई मिसाल कायम की है। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने अपनी चुनावी घोषणा पर अमल करते हुए इसे 2025-26 के बजट में भी शामिल किया था। जिसे मूर्त रूप देते हुए आज धनतेरस पर्व के शुभ अवसर पर नगर पालिका कार्यालय परिसर में महतारी रथ ऑटो रिक्शा का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर नगर पालिका के सभापति गण, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगर के वरिष्ठजन तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष के इस संवेदनशील निर्णय की सराहना की।
महतारी रथ के माध्यम से नगर के वरिष्ठजनों को निःशुल्क आवागमन की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके तहत वरिष्ठजनों को उनके निवास स्थान से नगर पालिका कार्यालय तक लाने तथा कार्यालयीन कार्य पूर्ण होने के पश्चात वापस उनके निवास तक सुरक्षित छोड़ने की व्यवस्था की गई है। इस सुविधा से विशेष रूप से उन बुजुर्गों को बड़ी राहत मिलेगी जिन्हें अकेले कार्यालय आने-जाने में कठिनाई होती है और जिन्हें ऑटो या अन्य साधनों के लिए खर्च वहन करना पड़ता है।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि वरिष्ठजन हमारे समाज की धरोहर हैं और उनकी सेवा करना हमारा कर्तव्य है। चुनाव के समय वरिष्ठजनों के सम्मान और सुविधा के लिए जो वादा किया गया था, उसे आज धनतेरस के पावन अवसर पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महतारी रथ केवल एक वाहन नहीं बल्कि सम्मान, सेवा और सुविधा का प्रतीक है। इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठजनों को सम्मानजनक एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना तथा उनकी परेशानियों को कम करना है ताकि वे बिना किसी चिंता के अपने कार्य करा सकें। नगर पालिका द्वारा इस योजना के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है। वरिष्ठजन नगर पालिका कार्यालय में संपर्क कर इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे।
इस अवसर पर सभापति जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, ज्योति रिंकू चंद्राकर, पार्षद गण कल्पना सूर्यवंशी, सीता तोंडेकर, नीरज चंद्राकर, धनेंद्र चंद्राकर, मुन्ना देवार, सीएमओ सौरभ शर्मा, प्रभारी करण यादव, दुर्गेश कुंजेकर, नरेश ध्रुव, सीताराम तेलक, नौशाद बख्श, जितेंद्र मोहंती, यशवंत ठाकुर, गुमान ध्रुव, दिलीप साहू, मीतू प्रधान, रितेश साहू, उमेश साहू आदि उपस्थित थे।









